कोडरमा (KODERMA): जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी बागी गांव से घटना सामने आई है, जहां एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है. मामले की जानकारी मिलते ही पीड़िता की मां ने कोडरमा सदर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. दर्ज शिकायत के अनुसार, डोमचांच थाना क्षेत्र के मसनोडीह का रहने वाला आरोपी रूपलाल मेहता वर्तमान में छोटकी बागी में ही रह रहा था. उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया.
पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस प्रशासन द्वारा बच्ची का बयान दर्ज कराने के साथ ही अन्य आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि अदालत में मामले को मजबूती से पेश किया जा सके. इस शर्मनाक घटना की स्थानीय लोगों ने कड़े शब्दों में निंदा की है. ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.
मामले की पुष्टि करते हुए सदर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में आ चुकी है. आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके.
