☰
Jharkhand

JTET 2026: झारखंड में 986 केंद्रों पर 1 नवंबर को होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर हुए जारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी कि JTET 2026 का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा. परीक्षा को लेकर राज्यभर में कुल 986 केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दो पालियों में होगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने से पहले प्रवेश समय, जरूरी दस्तावेजों और केंद्र से जुड़े निर्देशों की जानकारी रखना जरूरी है.

इसके साथ ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा से संबंधित किसी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी जैक की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए 0651-6453344 और टोल-फ्री नंबर 1800-345-6523 जारी किए गए हैं. इसके अलावा अभ्यर्थी secretary.jac2003@gmail.com पर ईमेल भेजकर भी अपनी समस्या बता सकते हैं.

बताते चलें कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी. इस पाली में कक्षा एक से पांचवीं तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से प्रवेश शुरू होगा, जो सुबह 9 बजे तक ही चलेगा. निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. इसलिए परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं.

वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी. इसमें कक्षा छह से आठवीं तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. दूसरी पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक केंद्र में प्रवेश मिलेगा. इसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा. अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी पहले ही जांच लेने की सलाह दी गई है.

कुछ परीक्षा केंद्रों के नाम बदले गए

झारखंड अकादमिक परिषद (जैक) ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुछ परीक्षा केंद्रों के नाम में संशोधन किया है. हालांकि, केंद्रों के कोड में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए निकलने से पहले एडमिट कार्ड पर दर्ज केंद्र का नाम और पूरा पता ध्यान से देख लेना चाहिए, ताकि गलत जगह पहुंचने की समस्या न हो.