☰
Jharkhand

JTET 2026: 4.85 लाख अभ्यर्थियों की OMR शीट जारी, अब ऐसे चेक कर सकेंगे अपने जवाब

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के रिजल्ट का इंतजार कर रहे करीब 4.85 लाख अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की OMR शीट ऑनलाइन उपलब्ध करा दी है. अब उम्मीदवार रिजल्ट जारी होने से पहले अपने दिए गए उत्तरों की जांच कर सकेंगे. इसके लिए अभ्यर्थियों को जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा. OMR शीट में परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से चुने गए विकल्प दर्ज हैं. इसके जरिए वे अपने जवाबों का मिलान कर सकेंगे और यह देख पाएंगे कि किन सवालों के लिए कौन-सा विकल्प चुना था.

986 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा

झारखंड में 1 नवंबर को 986 परीक्षा केंद्रों पर JTET आयोजित की गई थी. इसमें कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग पेपर लिए गए थे. परीक्षा संपन्न होने के बाद अब जैक ने मूल्यांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है. OMR शीट जारी करने का उद्देश्य अभ्यर्थियों को अपने दर्ज उत्तरों के सत्यापन का अवसर देना है.

90 विशेषज्ञ तैयार करेंगे मॉडल आंसर-की

JTET की मॉडल आंसर-की तैयार करने के लिए जैक 30 विशेषज्ञ कमेटियों का गठन करेगा. प्रत्येक कमेटी में तीन शिक्षक शामिल होंगे. इस तरह कुल 90 विशेषज्ञ प्रश्नों और उनके संभावित सही उत्तरों की समीक्षा करेंगे. इन कमेटियों में विश्वविद्यालयों, झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) के विशेषज्ञों के अलावा हाईस्कूल और प्लस टू विद्यालयों के शिक्षकों को शामिल किया जाएगा. दोनों स्तरों की परीक्षाओं के लिए विषयवार अलग-अलग कमेटियां बनाई जाएंगी.

गलत जवाब पर अभ्यर्थी दर्ज करा सकेंगे आपत्ति

मॉडल आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा. किसी सवाल के उत्तर पर असहमति होने पर उम्मीदवार ऑनलाइन आपत्ति कर सकेंगे. इसके लिए संबंधित उत्तर के समर्थन में प्रमाणिक दस्तावेज और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा. विशेषज्ञ कमेटियां आपत्तियों की समीक्षा करेंगी. इसके बाद फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी और इसी के आधार पर रिजल्ट तैयार होगा.

150 अंकों के पेपर में इतने नंबर जरूरी

JTET के दोनों पेपर 150-150 अंकों के हैं. परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है. पात्रता के लिए सामान्य और EWS वर्ग को 90, BC-1 और BC-2 को 82.5 तथा SC, ST, PVTG और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 78 अंक प्राप्त करने होंगे. सफल अभ्यर्थियों को JTET पात्रता प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जिसके आधार पर वे राज्य में होने वाली शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में आवेदन कर सकेंगे.