रांची (RANCHI): JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों का विधानसभा घेराव उग्र होता जा रहा है. बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश करते रहे, जबकि पुलिस और प्रशासन उन्हें रोकने में जुटे रहे. इस बीच जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन स्थल से एक और घटनाक्रम सामने आया. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिसकर्मी को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिसकर्मी के साथ मारपीट होते देख वहां मौजूद कुछ अन्य छात्र आगे आए और मारपीट कर रहे छात्रों को रोकने की कोशिश की. इसके बाद पुलिसकर्मी को वहां से हटाया गया. इस घटना ने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बता दें, छात्रों ने कई स्तरों पर लगाई गई बैरिकेडिंग को पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और प्रदर्शनकारियों को लगातार समझाने की कोशिश की. प्रशासन की ओर से छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जाती रही. हालांकि, छात्र अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और लगातार विधानसभा की ओर बढ़ते रहे.
प्रदर्शनकारियों की भीड़ लगातार आगे बढ़ने लगी तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. पानी की तेज बौछारों के बावजूद कई छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े. आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. पुलिसकर्मी छात्रों को पीछे हटाने और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश करते रहे. वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे. लगातार बढ़ते तनाव के बीच प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया.
