रांची (RANCHI): JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन भारी बारिश में भी जारी है. झारखंड विधानसभा के गेट नंबर-1 के सामने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो धरने पर बैठे रहे और लगातार उपवास कर रहे हैं. रांची में भारी बारिश के बावजूद देवेंद्र महतो और बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के बाहर डटे रहे. खराब मौसम और लगातार बारिश भी प्रदर्शनकारियों के हौसले को कम नहीं कर सकी. छात्र शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश करते रहे. उनका कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा.
उनकी प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा को रद्द करना और JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराना शामिल है. बारिश शुरू होते ही प्रदर्शन स्थल पर छात्रों के बीच नारेबाजी और तेज हो गई. भीगते हुए छात्रों ने रांची पुलिस को मजाकिया अंदाज में आवाज लगाते हुए कहा, “रांची पुलिस, छाता दो, छाता दो.” इस दौरान कई छात्र बारिश में भीगते हुए अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे रहे. छात्रों का कहना है कि वे किसी टकराव के पक्ष में नहीं हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं. हालांकि लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण कुछ छात्र प्रदर्शन स्थल से वापस लौट गए, लेकिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अब भी विधानसभा के गेट नंबर-1 के सामने मौजूद हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों ने साफ किया कि मौसम चाहे जैसा हो, वे अपनी मांगों से पीछे हटने वाले नहीं हैं.
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी विधानसभा के आसपास लगातार तैनात रहे. प्रशासन की प्राथमिकता सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना रही. भारी बारिश के दौरान पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भी छात्रों के बीच मौजूद रहे और मौके की स्थिति पर नजर रखते रहे. वहीं, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का उपवास जारी है. प्रदर्शनकारी लगातार सरकार से JSSC CGL परीक्षा रद्द करने और JPSC मामले की CBI जांच कराने की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा.
