Jharkhand

JPSC-JSSC आंदोलन: विधानसभा के बाद विधायक आवास की ओर बढ़े छात्र, सुरक्षा बढ़ाई गई

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

रांची (RANCHI): JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. ताजा अपडेट के अनुसार, विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे प्रदर्शनकारी अब अलग-अलग समूहों में आगे बढ़ते हुए विधायक आवास की ओर जा रहे हैं. छात्रों के इस कदम के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम को अलर्ट कर दिया गया है. पुलिसकर्मी छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी लगातार अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं और सरकार से परीक्षा विवाद पर ठोस फैसला लेने की मांग कर रहे हैं. आंदोलन के कारण राजधानी रांची में कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

इससे पहले विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाई गई कई स्तर की बैरिकेडिंग को पार कर लिया था. प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ और लगातार आगे बढ़ने की कोशिश को देखते हुए पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए. आंदोलन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी. कई जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की खबर सामने आई. प्रशासन की ओर से लगातार छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जाती रही. हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं.

अब छात्रों के विधायक आवास की ओर बढ़ने के बाद प्रशासन ने वहां भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. पुलिस की अतिरिक्त टीमों को तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है. छात्रों का कहना है कि जब तक JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. वहीं, सरकार पहले ही छात्रों की कई मांगों पर बातचीत और समाधान का भरोसा दे चुकी है. फिलहाल छात्रों के विधायक आवास की ओर बढ़ने से आंदोलन का अगला रुख क्या होगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.