Jharkhand

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद: छात्रों के समर्थन में निर्जला उपवास पर बैठे जयराम महतो, 10 अगस्त को विधानसभा मार्च में होंगे शामिल

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

रांची (RANCHI): JPSC-JSSC लेकर लगातार छात्रों का आंदोलन तेज़ होता जा रहा है. इसी को लेकर छात्रों के आंदोलन और उनकी मांगों के समर्थन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो रविवार को रांची स्थित पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास पर बैठ गए. उपवास के दौरान जयराम महतो ने राज्य सरकार से छात्रों की मांगों पर जल्द और सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा और छात्र लंबे समय से अपने अधिकारों और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.

जयराम महतो ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रतिनिधियों के साथ तत्काल वार्ता करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है, इसलिए उनकी शिकायतों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है. उन्होंने सरकार से अपील की कि छात्रों की न्यायसंगत मांगों पर बिना किसी देरी के ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि लंबे समय से चल रहे आंदोलन का समाधान हो सके. वहीं, जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच जयराम महतो के समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

जयराम महतो ने आंदोलन को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 10 अगस्त को छात्रों की ओर से प्रस्तावित विधानसभा मार्च में वह खुद शामिल होंगे. इसके साथ ही उनकी पार्टी JLKM ने भी मार्च को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है. जयराम महतो के निर्जला उपवास और विधानसभा मार्च में सीधे शामिल होने के फैसले के बाद आंदोलनरत छात्रों में उत्साह बढ़ा है. माना जा रहा है कि JLKM के सक्रिय समर्थन से 10 अगस्त का विधानसभा मार्च व्यापक रूप ले सकता है. छात्रों की मांगों को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब राजनीतिक समर्थन मिलने के बाद और तेज होता दिखाई दे रहा है.