Jharkhand

JPSC-JSSC विवाद: छात्रों पर दर्ज केस के खिलाफ भाजपा ने आंदोलन का किया ऐलान

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

रांची (RANCHI): JPSC-JSSC आंदोलन को लेकर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. मुख्य सचिव को दिए गए अल्टीमेटम के बाद भाजपा ने 8 सितंबर से राज्यभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों पर दर्ज केस वापस नहीं लिए गए और उनके परिवार सड़क पर उतरने को मजबूर हुए, तो स्थिति गंभीर हो सकती है.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड बनने के बाद से झामुमो और कांग्रेस की सरकारों ने छात्रों के साथ अन्याय किया है. उन्होंने कहा कि रोजगार के मुद्दे पर छात्रों को लगातार परेशान किया गया और अब आंदोलन करने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज कर उनके भविष्य को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.

आदित्य साहू ने कहा कि रांची में छात्रों ने बिना किसी राजनीतिक दल के समर्थन के आंदोलन किया और नौकरी से जुड़े कथित मामलों को उजागर किया. इसके बाद छात्रों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कई कोचिंग संस्थानों के संचालकों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है.

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जब राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छात्र आंदोलन कर रहे थे, तब झामुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ मारपीट की. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर केस दर्ज किया गया, तो छात्रों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई.

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा शुरू से ही छात्रों पर दर्ज मामलों का विरोध कर रही है. करीब 48 घंटे पहले पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग की थी. इसी बीच झामुमो और कांग्रेस के नेताओं के मुख्य सचिव से मिलकर कार्रवाई की मांग करने पर भाजपा ने सवाल उठाया. आदित्य साहू ने कहा कि यदि सत्ता पक्ष को कोई शिकायत थी, तो उसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखना चाहिए था.

उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र पढ़-लिखकर राज्य और देश का नाम रोशन करने वाले हैं. ऐसे में उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने पुलिस को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों के परिवार और गांव के लोग आंदोलन में शामिल होकर सड़क पर उतरते हैं, तो स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है.

भाजपा ने घोषणा की है कि 8 सितंबर से राज्य के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा. इस दौरान डीसी और एसपी कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा.

आंदोलन का कार्यक्रम इस प्रकार है की 8 सितंबर को रांची, दुमका, गिरिडीह और गढ़वा में प्रदर्शन होगा.9 सितंबर को कोडरमा, पलामू, साहिबगंज और चाईबासा में आंदोलन किया जाएगा.10 सितंबर को सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में प्रदर्शन होगा और 11 सितंबर को जामताड़ा और खूंटी में आंदोलन किया जाएगा.

रिपोर्ट: समीर हुसैन