Jharkhand

JPSC विवाद के बीच CID दफ्तर पहुंचे पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते, मीडिया के सवालों पर साधी चुप्पी

Diksha Benipuri
Copy Editor
JPSC विवाद के बीच CID दफ्तर पहुंचे पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते, मीडिया के सवालों पर साधी चुप्पी

रांची (RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के बीच मंगलवार को आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते रांची स्थित अपराध अनुसंधान विभाग (CID) कार्यालय पहुंचे. उनके सीआईडी मुख्यालय पहुंचते ही पूरे परिसर में हलचल तेज हो गई और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. एल. ख्यांग्ते ओला कैब की स्विफ्ट डिजायर कार से सीआईडी कार्यालय पहुंचे, जहां पहले से ही जांच एजेंसी की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हुई थीं.

सीआईडी कार्यालय के बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों ने एल. ख्यांग्ते से जांच और उनके कार्यालय आने के उद्देश्य को लेकर सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. बिना कोई प्रतिक्रिया दिए वह सीधे सीआईडी कार्यालय के अंदर चले गए. उनके इस रुख के बाद मामले को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं.

गौरतलब है कि JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच सीआईडी कर रही है. जांच एजेंसी परीक्षा संचालन, मूल्यांकन प्रक्रिया, OMR शीट, परिणाम तैयार करने और चयन प्रक्रिया से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है. इस मामले में सीआईडी पहले ही पूर्व परीक्षा नियंत्रक सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और डिजिटल साक्ष्यों, दस्तावेजों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच जारी है.

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी अब परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक निर्णयों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को भी खंगाल रही है. ऐसे में पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते का सीआईडी कार्यालय पहुंचना जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, एल. ख्यांग्ते के सीआईडी कार्यालय आने का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है. न तो सीआईडी की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है और न ही पूर्व अध्यक्ष ने मीडिया के सामने कोई प्रतिक्रिया दी है. ऐसे में अब सभी की नजरें सीआईडी की अगली कार्रवाई और संभावित आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं.