Jharkhand

JPL 2026 Auction: रॉबिन मिंज बने सबसे महंगे खिलाड़ी, इशान किशन समेत कई स्टार्स को मिली नई टीम

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

रांची:झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में कई खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी. जमशेदपुर के एक होटल में आयोजित इस ऑक्शन में राज्य के युवा और अनुभवी क्रिकेटरों को विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने साथ जोड़ा. नीलामी का सबसे बड़ा आकर्षण गुमला के विकेटकीपर-बल्लेबाज रॉबिन मिंज रहे, जो इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे.

आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके रॉबिन मिंज का बेस प्राइस चार लाख रुपये रखा गया था, लेकिन कोयलांचल सुपर किंग्स ने उन पर भरोसा जताते हुए 15.25 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया.इस तरह वह नीलामी के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी बन गए.

झारखंड रणजी टीम के कप्तान और जमशेदपुर के स्टार बल्लेबाज विराट सिंह भी नीलामी में आकर्षण का केंद्र रहे. उनका बेस प्राइस चार लाख रुपये था, लेकिन छोटानागपुर रॉयल्स ने उन्हें ऊंची बोली लगाकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया. वहीं रांची के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा को धनबाद डायमंड्स ने 11 लाख रुपये में खरीदा.

भारतीय टीम के लिए खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने 6.25 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. हजारीबाग के ऑलराउंडर उत्कर्ष सिंह भी फ्रेंचाइजी की पसंद बने और उन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 6.25 लाख रुपये में अनुबंधित किया. वहीं आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व कर चुके अनुकूल राय को जमशेदपुर स्टीलर्स ने उनके बेस प्राइस चार लाख रुपये में खरीदा.