Jharkhand

JMM नेता सुजीत कुजूर छत से गिरे, हालत गंभीर! ICU में भर्ती

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और रांची नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी सुजीत कुजूर बुधवार सुबह हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे वह अपने आवास की छत पर मौजूद थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़े. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.

सुजीत कुजूर के छत से गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्हें गंभीर हालत में देखा गया तो आनन-फानन में इलाज के लिए कांके स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी हालत को गंभीर बताया और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है. अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. हालांकि, उनकी चोटों की गंभीरता और स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

घटना की जानकारी सामने आने के बाद JMM कार्यकर्ताओं और सुजीत कुजूर के समर्थकों में चिंता का माहौल है. बड़ी संख्या में शुभचिंतक अस्पताल पहुंचने लगे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. सुजीत कुजूर झामुमो के सक्रिय नेताओं में शामिल रहे हैं और रांची नगर निगम के मेयर पद के चुनाव में भी प्रत्याशी रह चुके हैं. ऐसे में उनके साथ हुए हादसे की खबर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तेजी से फैल गई. फिलहाल पुलिस या परिवार की ओर से हादसे की विस्तृत परिस्थितियों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छत पर उनका संतुलन किस वजह से बिगड़ा. घटना के बाद परिवार और समर्थक उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार अस्पताल से जानकारी ले रहे हैं.