☰
Jharkhand

हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नियुक्ति का इंतजार कर रहे झारखंड के 877 माध्यमिक आचार्य, अधर में लटका भविष्य

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे 877 सफल अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है. माध्यमिक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया में हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश और शिक्षा विभाग की ओर से काउंसलिंग पूरी किए जाने के बावजूद अब तक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाया है. इससे नाराज अभ्यर्थियों ने एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की है. उनका कहना है कि चयन प्रक्रिया के लगभग सभी जरूरी चरण पूरे होने के बाद भी नियुक्ति में देरी समझ से परे है. अब अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग की है.

हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं हुई नियुक्ति

माध्यमिक आचार्य नियुक्ति से जुड़े मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई थी. मुख्य न्यायाधीश MS सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की अदालत ने सुनवाई के बाद 877 अभ्यर्थियों की नियुक्ति का आदेश दिया था. सुनवाई के दौरान JSSC की ओर से अदालत को बताया गया था कि सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा 19 जून से 9 जुलाई 2026 के बीच शिक्षा विभाग को भेज दी गई थी. इसके बाद अदालत ने मामले का निष्पादन कर दिया.

काउंसलिंग के बाद भी नियुक्ति पत्र का इंतजा

अदालत के आदेश के बाद शिक्षा विभाग ने 22 जुलाई तक अलग-अलग विषयों के सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी पूरी कर ली. इसके बावजूद नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया. लगातार विभागीय चक्कर लगाने से परेशान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा.

अभ्यर्थियों ने दी दोबारा कोर्ट जाने की चेतावनी

अभ्यर्थी निशांत कुमार, हेमंत पाठक, तालेश्वर महतो समेत बाकी लोगों का कहना है कि यह सिर्फ 877 लोगों के रोजगार का मामला नहीं है. इससे झारखंड की क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी तक आधुनिक शिक्षा पहुंचाने का सवाल भी जुड़ा है. अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे.