टीनपी डेस्क (TNP DESK): आज 15 नवंबर को झारखंड ने पूरे 26 साल पूरे कर लिए है. ऐसे में 15 नवंबर 2000 को झारखंड बिहार से अलग होकर झारखंड राज्य बना. बिहार से अलग होकर अस्तित्व में आए झारखंड के लिए यह तारीख सिर्फ स्थापना दिवस नहीं, बल्कि संघर्ष, स्वाभिमान और आदिवासी अस्मिता का प्रतीक भी है. इसी दिन महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है. उनके संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने के लिए देशभर में जनजातीय गौरव दिवस भी मनाया जाता है.
हालांकि, इस बार 15 नवंबर को छठ महापर्व पड़ने के कारण झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य सरकारी समारोह इस दिन आयोजित नहीं किया जा रहा है. सरकार ने मुख्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम को 28 नवंबर तक के लिए टाल दिया है. वहीं, स्थापना दिवस के दिन जिलों में स्वच्छता दौड़ और छठ घाटों की सफाई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. ऐसे में जानते हैं कि 15 नवंबर का झारखंड और आदिवासी समाज के लिए क्या महत्व है.
15 नवंबर को ही क्यों बना झारखंड अलग राज्य?
झारखंड का इतिहास आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और लंबे संघर्ष से जुड़ा रहा है. यहां के आदिवासी और स्थानीय समुदाय वर्षों से अलग राज्य की मांग कर रहे थे. उनका मानना था कि अलग राज्य बनने से जल, जंगल, जमीन और अपनी सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे. लंबे आंदोलन और संघर्ष के बाद 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश का 28वां राज्य बना. इस तारीख को चुनने के पीछे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी एक बड़ी वजह थी. राज्य गठन के दिन को उनके जन्मदिवस से जोड़कर आदिवासी नायक के योगदान को सम्मान दिया गया.
कौन थे भगवान बिरसा मुंडा?
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था. मुंडा जनजाति से आने वाले बिरसा ने कम उम्र में ही आदिवासी समाज की समस्याओं और अंग्रेजी शासन के अत्याचारों को समझ लिया था. उस दौर में अंग्रेजों की नीतियों, जमींदारों और साहूकारों के शोषण के कारण आदिवासियों के जमीन और जंगल पर पारंपरिक अधिकार प्रभावित हो रहे थे. बिरसा मुंडा ने लोगों को एकजुट किया और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता दिखाया.
क्या था बिरसा मुंडा का उलगुलान आंदोलन?
बिरसा मुंडा के नेतृत्व में अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ बड़ा विद्रोह हुआ, जिसे ‘उलगुलान’ यानी महाविद्रोह कहा जाता है. इसका उद्देश्य आदिवासी समाज को शोषण से मुक्ति दिलाना और उनकी जमीन, जंगल तथा पारंपरिक अधिकारों की रक्षा करना था. अंग्रेजों ने इस आंदोलन को दबाने के लिए बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर लिया. 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया. उस समय उनकी उम्र महज 25 साल थी. उनका संघर्ष आज भी देशभर के लोगों को प्रेरित करता है.
क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?
आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है. केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी. संथाल, भील, कोल, मुंडा, खासी और मिजो सहित कई जनजातीय समुदायों ने अंग्रेजों के खिलाफ अलग-अलग समय पर आंदोलन और विद्रोह किए. इस दिवस का उद्देश्य उन नायकों और उनके बलिदानों को याद करना है, जिन्हें इतिहास में अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई.
आदिवासी विकास के लिए चल रही हैं योजनाएं
जनजातीय समुदायों के विकास के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. इनमें धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम-जनमन, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना और आदिवासी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति शामिल हैं. इनका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाना है.
इस तरह 15 नवंबर झारखंड के गठन, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करने का दिन है. झारखंड के 26 साल पूरे होने के साथ यह तारीख राज्य की पहचान, अधिकारों और विकास की दिशा पर विचार करने का अवसर भी देती है.
