☰
Jharkhand

Jharkhand Weather: आज कई जिलों में दिख सकता है चक्रवात Murasu का असर, इन इलाकों में बारिश और गरज-चमक के आसार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. मंगलवार, 3 नवंबर को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में चक्रवात Murasu का प्रभाव देखने को मिलेगा जहां आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. हालांकि, राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 3 नवंबर के लिए झारखंड के किसी भी जिले में विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. बंगाल की खाड़ी में बनी मौसमी गतिविधियों के बीच मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है.

रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा समेत आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. वहीं, संताल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है, जबकि कई इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. तापमान की बात करें तो 3 नवंबर को रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जमशेदपुर में अधिकतम 30 और न्यूनतम 21 डिग्री, धनबाद में 29 और 22 डिग्री, बोकारो में 30 और 22 डिग्री, हजारीबाग में 27 और 19 डिग्री तथा देवघर में अधिकतम 30 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रह सकता है.

राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इधर, मौसम में बदलाव के साथ सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं. इससे खासकर ग्रामीण और ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-शाम ठंड बढ़ सकती है. वहीं, 4 नवंबर तक कुछ हिस्सों में बादल और बारिश की गतिविधियां जारी रहने के बाद 5 नवंबर से मौसम साफ होने की संभावना है. सुबह के समय हल्का कुहासा और दिन में धूप निकल सकती है. फिलहाल 3 नवंबर को पूरे झारखंड के लिए IMD की ओर से कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है.