☰
Jharkhand

झारखंड में मतदाता सूची को लेकर बढ़ी हलचल, फॉर्म-6 के 8.75 लाख से अधिक आवेदन डिजिटाइज

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR की प्रक्रिया जारी है. इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने और पहले से दर्ज जानकारी में सुधार के लिए आवेदन मिल रहा हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 25 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, 24 अक्टूबर को अलग अलग फॉर्म्स के हजारों आवेदनों को डिजिटाइज किया गया है.

फॉर्म-6 से जुड़े सबसे ज्यादा आवेदन

फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए अब तक कुल 8,75,119 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. इनमें 24 अक्टूबर को 6,373 आवेदन डिजिटाइज किए गए. वहीं, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं से संबंधित फॉर्म-6A के तहत कुल 120 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं. इनमें एक आवेदन 24 अक्टूबर को दर्ज किया गया.

नाम हटाने और सुधार के लिए भी आवेदन

मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाता है. इस कैटेगरी में अब तक 27,502 आवेदन और आपत्तियां डिजिटाइज की गई हैं. इनमें से 2,481 आवेदन 24 अक्टूबर को डिजिटाइज हुए.

इसी तरह, मतदाता सूची में नाम, पता या बाकी विवरण में सुधार कराने और स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के तहत अब तक 5,48,588 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. इनमें 24 अक्टूबर को 2,194 आवेदन शामिल हैं.

31 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने, सुधार कराने या स्थानांतरण से संबंधित आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है. ऐसे में पात्र मतदाताओं के पास आवेदन करने के लिए अभी कुछ दिन बाकी हैं.

30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

झारखंड में SIR प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा. इससे पहले प्राप्त दावों और आपत्तियों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मतदाताओं को सलाह है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने आवेदन से संबंधित जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि मतदाता सूची में उनका नाम और विवरण सही रह सके.