Jharkhand

Jharkhand SIR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आज आखिरी मौका, 19 अक्टूबर को जारी होगी Final Roll

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आज यानी 15 सितंबर को दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख है. ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनके पास आज फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आखिरी मौका है. आज के बाद SIR के तहत नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 स्वीकार नहीं किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची यानी Final Roll का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.

राज्य में 14 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से कुल 4,86,783 आवेदन प्राप्त हुए हैं. अकेले 14 सितंबर को फॉर्म-6 के जरिए 23,833 आवेदन मिले. वहीं, फॉर्म-6A के माध्यम से कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 14 सितंबर को मिले 4 आवेदन भी शामिल हैं. मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से कुल 5,689 आवेदन और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. इनमें 14 सितंबर को मिले 469 आवेदन भी शामिल हैं. इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से कुल 3,11,770 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 14 सितंबर को प्राप्त 17,156 आवेदन शामिल हैं.

आज है दावा-आपत्ति दर्ज कराने का आखिरी दिन
SIR के तहत दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, वे आज ही मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते ईसीनेट अथवा बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 और घोषणा पत्र अवश्य भरें. ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जो अर्हता तिथि एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, उन्हें आज ही फॉर्म-6 भरकर SIR की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है. 15 सितंबर के बाद SIR के तहत नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 नहीं लिया जाएगा.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, SIR के तहत तैयार की गई मतदाता सूची को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज के तौर पर सुरक्षित रखा जाता है. वर्तमान SIR में वर्ष 2003 के SIR के दस्तावेजों से मैपिंग के आधार पर मतदाताओं और उनके बेटे-बेटियों को अन्य दस्तावेजों में छूट का लाभ मिल रहा है. इसी तरह आने वाले समय में वर्तमान SIR की मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं के बच्चों को भी इसका लाभ मिल सकता है. ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनके लिए आज यानी 15 सितंबर बेहद महत्वपूर्ण है. उन्हें आज ही फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.