Jharkhand

झारखंड में SIR का तीसरा चरण कल से, 29 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
झारखंड में SIR का तीसरा चरण कल से, 29 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

रांची (RANCHI): देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का तीसरा चरण 30 जून यानी कल से शुरू हो जाएगा. इस चरण में झारखंड सहित 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का सत्यापन और पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा. अभियान के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उन्हें दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे. मतदाताओं को यह प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को वापस देना होगा. निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और सभी पात्र मतदाताओं का सही विवरण सुनिश्चित करना है. इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं.

धनबाद जिले में SIR अभियान के तहत रविवार तक करीब 76 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है. जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिले के कुल 21 लाख 15 हजार 997 मतदाताओं में से लगभग 16 लाख मतदाताओं का सत्यापन एवं मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है, जबकि करीब 5 लाख मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है. प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी छूटे हुए मतदाताओं का समय पर सत्यापन हो जाए. मैपिंग के दौरान अब तक 3 लाख 73 हजार 407 मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं. इनमें सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी और बाघमारा विधानसभा क्षेत्रों के हजारों मतदाता शामिल हैं, जिनके रिकॉर्ड को अपडेट करने की प्रक्रिया जारी है.

SIR अभियान को सफल बनाने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल एजेंट और स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. मतदाता ceo.jharkhand.gov.in पर 2003 की मतदाता सूची, मतदान केंद्र, बीएलओ की जानकारी और अनमैप्ड मतदाताओं की सूची देख सकते हैं. वहीं voters.eci.gov.in के माध्यम से नाम सुधार, विलोपन और अन्य निर्वाचन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं. किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं, जहां प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है.