Jharkhand

रांची में होगी झारखंड स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, नेशनल टीम के लिए होगा चयन

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): झारखंड में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने और राज्य के खिलाड़ियों को बड़े मंच तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है. इसे लेकर झारखंड स्टेट बॉक्सिंग एसोसिएशन की बैठक रांची स्थित एसोसिएशन कार्यालय में हुई. बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष अरुणा मिश्रा ने की. इसमें आने वाली स्टेट चैंपियनशिप और नेशनल प्रतियोगिता की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई.

2 से 4 अक्टूबर तक होगा मुकाबला

बैठक में तय किया गया कि झारखंड स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव स्थित बॉक्सिंग हॉल में किया जाएगा. प्रतियोगिता में राज्य के अलग-अलग जिलों से बॉक्सर हिस्सा लेंगे.

इस चैंपियनशिप को खिलाड़ियों के लिए काफी अहम माना जा रहा है. दरअसल, आगामी नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए झारखंड की टीम का चयन इसी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.

प्रतियोगिता को लेकर बनीं अलग-अलग समितियां

चैंपियनशिप को बेहतर तरीके से कराने के लिए अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारी दी गई है. संतोष अग्रवाल को आयोजन समिति का सचिव बनाया गया है. वहीं जगरनाथ त्रिया और रामदास दयानंद को समन्वय समिति की जिम्मेदारी मिली है.

रजिस्ट्रेशन का काम नितेंद्र बासु और सचिन संभालेंगे. तकनीकी व्यवस्था की जिम्मेदारी तरुणा मिश्रा और ईश्वर राव को दी गई है. प्रचार और मीडिया समन्वय का जिम्मा प्रकाश कुमार मंडल और कुणाल शर्मा के पास रहेगा.

इसके अलावा स्पॉन्सरशिप के लिए अरुणा मिश्रा, अधिवक्ता राजेश शुक्ला और किशोर मंत्री को जिम्मेदारी दी गई है. रिंग मैनेजमेंट ईश्वर राव और सचिन कुमार पांडे संभालेंगे, जबकि वित्तीय व्यवस्था की जिम्मेदारी दीपक कुमार के पास होगी.

खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका

एसोसिएशन अध्यक्ष अरुणा मिश्रा ने कहा कि यह चैंपियनशिप सिर्फ मुकाबलों तक सीमित नहीं है. यह झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मौका देगी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाएगी.

बैठक में धनबाद, चाईबासा, जामताड़ा, रांची और जमशेदपुर के प्रतिनिधि भी शामिल हुए. एसोसिएशन ने खिलाड़ियों, अभिभावकों, जिलों के प्रतिनिधियों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है.