रांची(RANCHI): झारखंड में SIR की प्रक्रिया जारी है. इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने और गलतियों में सुधार के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिल रहे हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 22 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन के मुताबिक, दावा-आपत्ति के दौरान मिले आवेदनों के डिजिटाइजेशन का काम लगातार चल रहा है. वहीं, फाइनल वोटर लिस्ट 30 नवंबर को जारी होगा.
फॉर्म-6 से मिले 8.57 लाख से ज्यादा आवेदन
फॉर्म-6 के जरिए अब तक 8,57,027 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. इनमें 21 अक्टूबर को 4,318 आवेदन डिजिटाइज किए गए. वहीं, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6A के तहत कुल 119 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं. इनमें एक आवेदन 21 अक्टूबर को दर्ज किया गया.
नाम हटाने और सुधार के लिए भी आवेदन
मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के तहत अब तक 22,777 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. इनमें 21 अक्टूबर को 714 आवेदन शामिल हैं. दूसरी ओर, मतदाता सूची में सुधार कराने या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 के तहत कुल 5,42,664 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. इनमें एक दिन में 1,653 आवेदन डिजिटाइज हुए.
31 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने या किसी तरह का सुधार कराने के लिए मतदाताओं के पास 31 अक्टूबर 2026 तक का समय है. नए मतदाता फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाता फॉर्म-6A और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भर सकते हैं. वहीं, नाम, पता या बाकी विवरण में सुधार और ट्रैन्स्फर के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है.
झारखंड की फाइनल वोटर लिस्ट लिस्ट 30 नवंबर को जारी होगा. ऐसे में मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवेदन जमा कर दें, ताकि मतदाता सूची में जरूरी बदलाव कराए जा सकें.