रांची(RANCHI): झारखंड में SIR के तहत दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 सितंबर को खत्म हो गई. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी 1 अक्टूबर के बुलेटिन के मुताबिक, आखिरी दिन बड़ी संख्या में लोगों ने अपने आवेदन जमा किए. अब 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची यानी फाइनल रोल जारी किया जाएगा.
आखिरी दिन हजारों लोगों ने जमा किए फॉर्म
30 सितंबर को फॉर्म-6 के जरिए 34,820 आवेदन मिले. इसके बाद SIR की पूरी दावा-आपत्ति अवधि में फॉर्म-6 के कुल आवेदन बढ़कर 6,57,777 हो गए. वहीं विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए फॉर्म-6A के कुल 111 आवेदन मिले हैं.
मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर फॉर्म-7 के जरिए कुल 12,704 आवेदन या आपत्तियां दर्ज की गई हैं. इनमें अकेले 30 सितंबर को 739 आवेदन मिले.
फॉर्म-8 के भी हजारों आवेदन
मतदाता सूची में नाम, पता या बाकी चीजों में सुधार के लिए फॉर्म-8 के जरिए भी बड़ी संख्या में आवेदन किए गए हैं. पूरे दावा-आपत्ति चरण में फॉर्म-8 के कुल 4,49,503 आवेदन मिले. इनमें 30 सितंबर को ही 24,106 आवेदन जमा किए गए.
यानी फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 को मिलाकर दावा-आपत्ति की अवधि में 11 लाख से ज्यादा आवेदन और आपत्तियां दर्ज हुई हैं.
अब 19 अक्टूबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची
दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर थी, जो अब खत्म हो चुकी है. इसके बाद प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों की जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी. इससे पहले SIR की समयसीमा बढ़ाने को लेकर भी प्रस्ताव भेजे जाने की बात सामने आई थी. हालांकि, झारखंड के लिए समयसीमा बढ़ाने को लेकर अब तक कोई नया फैसला सामने नहीं आया है. ऐसे में अब सभी की नजर 19 अक्टूबर को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची पर है.