Jharkhand

झारखंड SIR अभियान: इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का आज आखिरी मौका, चूक गए तो बढ़ सकती है परेशानी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आज, 29 जुलाई, इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है. निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि जिन मतदाताओं का भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म निर्धारित समय सीमा तक जमा नहीं होगा, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा. ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक फॉर्म जमा नहीं किया है, उनके लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है.

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 की मतदाता सूची के आधार पर झारखंड में कुल 2,64,63,236 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं. आयोग का कहना है कि फॉर्म वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब पूरा ध्यान फॉर्म जमा कराने तथा उनके डिजिटाइजेशन पर केंद्रित है. अब तक प्राप्त फॉर्मों में से 2,63,76,457 का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है. हालांकि, इनमें 2,20,20,994 ऐसे फॉर्म हैं जो पूरी तरह भरे हुए हैं और जिन पर मतदाताओं के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन्हीं मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे. इसलिए जिन लोगों ने अभी तक अपना हस्ताक्षरित फॉर्म जमा नहीं किया है, उन्हें अंतिम अवसर का लाभ उठाना चाहिए.

43.55 लाख फॉर्म अब भी नहीं हुए जमा
निर्वाचन आयोग के अनुसार अभी भी 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं. इन लंबित मामलों में कई अलग-अलग कारण सामने आए हैं. इनमें 7,61,755 ऐसे मतदाता हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जबकि 14,59,029 मतदाता ऐसे हैं जिनका पता नहीं चल सका या वे सत्यापन के दौरान अनुपस्थित मिले. इसके अलावा 15,87,496 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं. वहीं 4,34,541 लोगों का नाम किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में पहले से दर्ज पाया गया है. आयोग ने यह भी बताया कि 1,12,642 मतदाताओं ने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया, जिसके कारण उनके रिकॉर्ड का सत्यापन पूरा नहीं हो सका.

31 विधानसभा क्षेत्रों में प्रक्रिया पूरी, बाकी अंतिम चरण में
निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है. शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में भी यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है और तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि निर्धारित समय पर ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जा सके. आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि यदि उन्होंने अब तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, तो वे आज ही अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के पास फॉर्म जमा कर दें. समय सीमा समाप्त होने के बाद फॉर्म जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रह सकता है, जिससे भविष्य में नाम जोड़ने या सुधार की प्रक्रिया में अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए अंतिम दिन का यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.