रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है. इस दौरान दावा और आपत्ति अवधि में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, अब तक फॉर्म-6 के जरिए 9 लाख 55 हजार 294 आवेदनों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है. वहीं, 19 नवंबर को ही 3,348 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं.
निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, फॉर्म-6A के माध्यम से कुल 133 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. वहीं, फॉर्म-7 के जरिए 1 लाख 75 हजार 398 आवेदन और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. इनमें 19 नवंबर को 5,585 आवेदन डिजिटाइज किए गए. इसके अलावा, फॉर्म-8 के माध्यम से कुल 5 लाख 90 हजार 766 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं. 19 नवंबर को इस श्रेणी में 1,654 आवेदनों का डिजिटाइजेशन किया गया.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया है कि झारखंड में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा. इस बीच निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं को भी एक और मौका दिया है, जिनका नाम किसी कारणवश ASDD सूची में शामिल हो गया है. ऐसे मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म अवश्य भरें, ताकि मतदाता सूची में उनका नाम शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके. आयोग की ओर से यह अवसर मतदाताओं को अपने नाम और विवरण से जुड़ी स्थिति सुधारने के लिए दिया जा रहा है.
