☰
Jharkhand

Jharkhand SIR 2026: 15 सितंबर तक भर दें Form-6, नहीं तो मतदाता सूची में छूट सकता है नाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर अभियान तेज़ है. ऐसे में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भर दें. इसके लिए ECINET के माध्यम से या संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद वर्तमान SIR मतदाता सूची में पात्र युवाओं का नाम शामिल नहीं हो सकेगा. ऐसे में जिनका नाम अभी ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें.

के. रवि कुमार ने कहा कि SIR के तहत तैयार मतदाता सूची को भविष्य में भी महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि वर्तमान SIR में 2003 की SIR सूची के दस्तावेजों से मैपिंग के आधार पर मतदाताओं और उनके बेटे-बेटियों को कुछ अन्य दस्तावेजों की जरूरत से छूट मिल रही है. इसी तरह भविष्य में वर्तमान SIR सूची में शामिल होने वाले मतदाताओं और उनके बच्चों को भी इसका लाभ मिल सकता है. उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बीएलए-2 के माध्यम से पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक करने और ECINET या बीएलओ के जरिए आवेदन में सहयोग करने की अपील की है.

बता दें, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 13 सितंबर तक की मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि राज्य के 31,892 मतदान केंद्रों में 75 ऐसे केंद्र हैं, जहां अब तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है. वहीं 5,591 मतदान केंद्रों पर केवल 1 से 5 आवेदन मिले हैं. इसके अलावा 8,618 केंद्रों पर 6 से 10, 11,329 केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 केंद्रों पर 30 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. शून्य आवेदन वाले केंद्रों में रांची के 62 मतदान केंद्र शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रवार कांके में सबसे अधिक 52 केंद्र ऐसे हैं, जहां एक भी फॉर्म-6 नहीं मिला है. रांची में 904, हजारीबाग में 628, गिरिडीह में 515, देवघर में 455 और चतरा में 369 केंद्रों पर 1 से 5 आवेदन प्राप्त हुए हैं.