☰
Jharkhand

झारखंड SIR 2026 : वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए 31 अक्टूबर तक मौका, 30 नवंबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. ऐसे में अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है तो आपके पास अब भी मौका है. राज्य में अभी भी मतदाता सूची के SIR के तहत नाम जोड़ने, हटाने और दूसरी जानकारियों में सुधार कराने की प्रक्रिया जारी है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर से 11 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, 10 अक्टूबर तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के कुल 7,75,527 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. इनमें 10 अक्टूबर को ही 12,571 आवेदन डिजिटाइज किए गए. वहीं, फॉर्म-6A के तहत कुल 117 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं. इस फॉर्म का इस्तेमाल विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए किया जाता है.

मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के जरिए अब तक 17,764 आवेदन और आपत्तियां डिजिटाइज की गई हैं. इनमें 10 अक्टूबर को 541 आवेदन शामिल हैं. इसके अलावा, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य जानकारियों में सुधार कराने और एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म-8 के कुल 5,10,221 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. इनमें 10 अक्टूबर को 5,184 आवेदन डिजिटाइज किए गए. निर्वाचन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में आवेदन दर्ज करने और उन्हें डिजिटल रूप देने का काम लगातार चल रहा है.

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को आवेदन करने के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया है. इस अवधि में योग्य नागरिक फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, फॉर्म-6A से संबंधित पंजीकरण कराने, फॉर्म-7 के माध्यम से नाम हटाने पर आपत्ति दर्ज करने और फॉर्म-8 से नाम या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. वहीं, झारखंड की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा. ऐसे में जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है या जिनकी जानकारी में किसी तरह की गलती है, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर संबंधित फॉर्म भरकर आवेदन करना चाहिए.