☰
Jharkhand

झारखंड SIR 2026: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और सुधार का मौका, 31 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर प्रक्रिया जोरों शोरों से चल रही है. इसके साथ ही झारखंड में अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है या उसमें कोई गलती है, तो आपके लिए जरूरी खबर है. निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार कराने के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया है. निर्वाचन विभाग की ओर से जारी 9 अक्टूबर 2026 के बुलेटिन के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और जानकारी में सुधार कराने के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है. वहीं, अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अब तक 7,61,307 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. इनमें 8 अक्टूबर को 7,612 आवेदन डिजिटाइज हुए. वहीं, फॉर्म-6A के माध्यम से 117 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने से जुड़े कुल 16,423 आवेदन और आपत्तियां डिजिटाइज हुई हैं. इनमें 8 अक्टूबर को 726 आवेदन शामिल हैं.

इसके अलावा, फॉर्म-8 के माध्यम से नाम, पता और अन्य जानकारियों में सुधार या स्थानांतरण के लिए 5,02,699 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. इनमें 8 अक्टूबर को 4,259 आवेदन डिजिटाइज हुए. मतदाता सूची में पहली बार नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा. विदेश में रहने वाले पात्र भारतीय मतदाता फॉर्म-6A का इस्तेमाल कर सकते हैं. किसी नाम को सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार कराने अथवा पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा.

निर्वाचन विभाग ने 8 और 9 अक्टूबर को विशेष डिजिटाइजेशन कैंप आयोजित किए. इन कैंपों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को मिले आवेदनों को डिजिटल किया जा रहा है. इसके साथ ही, संपर्क अभियान के जरिए उन पात्र भारतीय नागरिकों को भी मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिनका नाम अभी तक शामिल नहीं हो पाया है. मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे 31 अक्टूबर की अंतिम तारीख से पहले अपने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें.