रांची(RANCHI): झारखंड में SIR प्रक्रिया तेज है. ऐसे में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलने जा रहा है. इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर’ कैंप लगाया जाएगा. कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. इसमें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, गलतियों में सुधार कराने और अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकेंगे नाम
इस कैंप में उन पात्र नागरिकों को विशेष रूप से मौका मिलेगा, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है. खासकर अनुपस्थित, शिफ्टेड और डुप्लीकेट (ASD) सूची में शामिल मतदाताओं के मामलों का निराकरण किया जाएगा. जिन नागरिकों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं.
बीएलओ पात्रता का सत्यापन करेंगे और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन एवं घोषणा पत्र प्राप्त करेंगे. मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में गड़बड़ी होने पर सुधार का आवेदन भी लिया जाएगा. चिह्नित पात्र मतदाताओं की सूची तैयार कर 19 नवंबर को सुबह 11 बजे तक गूगल शीट के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
अपात्र मतदाताओं की सूची भी होगी प्रकाशित
सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में प्रकाशित की जाएगी. बीएलओ मतदान केंद्र पर उपस्थित लोगों के सामने इस सूची को पढ़कर सुनाएंगे. आम नागरिकों और राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां भी ली जाएंगी. इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी.
30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
SIR के तहत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित है. इससे पहले 23 नवंबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटान किया जाएगा. 24 से 29 नवंबर तक मतदाता सूची के आंकड़ों की जांच और अंतिम प्रकाशन की अनुमति से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न रहे और कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो. इसलिए जिन लोगों का नाम अब तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है, वे 18 नवंबर के कैंप का लाभ जरूर उठाएं.
