Jharkhand

झारखंड SIR 2026: जांच के दायरे में आए मतदाताओं की आज से सुनवाई, 63 लाख से ज्यादा लोगों को भेजा गया नोटिस

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन(SIR) की प्रक्रिया के तहत नोटिस पाने वाले मतदाताओं की सुनवाई आज से शुरू हो गई है जिसमें राज्य में अलग-अलग कारणों से 63 लाख 24 हजार 116 मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है. इनमें ऐसे मतदाता भी शामिल हैं, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उनके रिकॉर्ड में किसी तरह की विसंगति पाई गई है. अब नोटिस पाने वाले मतदाताओं को अपने दावे और जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित चुनाव अधिकारी के समक्ष उपस्थित होना होगा. सुनवाई के दौरान अधिकारियों की ओर से मतदाता के रिकॉर्ड और उपलब्ध जानकारी की जांच की जाएगी.

सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं से उनके नाम, पते और परिवार से जुड़ी जानकारी के साथ-साथ वोटर लिस्ट में दर्ज अन्य विवरणों की पुष्टि की जाएगी. संबंधित मतदाता को अपने पक्ष में जरूरी दस्तावेज और प्रमाण भी प्रस्तुत करने होंगे. अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों और मतदाता की ओर से किए गए दावे की जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी. यदि जांच में रिकॉर्ड सही पाया जाता है तो संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. वहीं, किसी तरह की गलती या कमी मिलने पर नियमों के अनुसार उसमें सुधार या आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है. इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है.

चुनाव अधिकारियों ने नोटिस पाने वाले सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तारीख और समय पर सुनवाई के लिए जरूर उपस्थित हों और अपने साथ मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें. अधिकारियों का कहना है कि नोटिस को नजरअंदाज करना संबंधित मतदाता के लिए परेशानी का कारण बन सकता है. सुनवाई के दौरान पेश किए गए दस्तावेज और दावों के आधार पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, जानकारी में सुधार करने या अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का फैसला लिया जाएगा. ऐसे में जिन मतदाताओं को SIR के तहत नोटिस मिला है, उनके लिए समय पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना महत्वपूर्ण होगा.