Jharkhand

झारखंड SIR 2026: वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो ऐसे करें आवेदन, 15 सितंबर है डेडलाइन

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR की प्रक्रिया जोरों शोरों से चल रही है. ऐसे में युवा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है. दरअसल, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या इस तारीख तक 18 वर्ष के होने वाले पात्र भारतीय नागरिकों का मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पात्र नागरिकों से Form-6 और निर्धारित घोषणा-पत्र के जरिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं. इन आवेदनों को जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है.

इधर, मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि राज्य के 6,722 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी Form-6 प्राप्त नहीं हुआ है. इनमें रांची के 1,209, पलामू के 592, हजारीबाग के 572, गिरिडीह के 416 और धनबाद के 392 मतदान केंद्र शामिल हैं. वहीं कई मतदान केंद्र ऐसे भी हैं, जहां Form-6 की संख्या बेहद कम है. धनबाद में 1,243, गिरिडीह में 1,072, रांची में 981, पलामू में 936 और हजारीबाग में 814 मतदान केंद्रों पर केवल 1 से 5 Form-6 मिले हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन आंकड़ों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिलों में विशेष समीक्षा और पात्र युवाओं तक पहुंच बढ़ाने का निर्देश दिया है.

के. रवि कुमार ने कहा कि BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर ‘होम-टू-रोल’ सत्यापन के दौरान घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी नया या युवा पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे. पात्र लोगों से Form-6 और घोषणा-पत्र लेकर उसका समयबद्ध डिजिटाइजेशन और नियमानुसार निष्पादन किया जाए. इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाकर युवाओं को ECINET के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को लगातार निगरानी करते हुए तय समय-सीमा में सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.