☰
Jharkhand

Jharkhand SIR 2026: फॉर्म-6 के जरिए अब तक 9.31 लाख आवेदन डिजिटाइज, 30 नवंबर को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर अभियान तेज है. ऐसे में SIR के तहत दावा और आपत्ति अवधि में प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन का काम जारी है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, अब तक फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से कुल प्राप्त आवेदनों का डिजिटाइजेशन किया गया है. इसमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने से लेकर मतदाता सूची में सुधार और नाम हटाने से जुड़ी आपत्तियां शामिल हैं. गोरतलब है की 30 नवंबर को मतदाता सूची की फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी.

फॉर्म-6 से 9.31 लाख से अधिक आवेदन

निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, फॉर्म-6 के माध्यम से अब तक 9,31,511 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. वहीं, 9 नवंबर को अकेले इस फॉर्म के 1,737 आवेदनों का डिजिटाइजेशन हुआ. फॉर्म-6 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए किया जाता है. इसी तरह, फॉर्म-6A के जरिए अब तक 125 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. इनमें 9 नवंबर को प्राप्त तीन आवेदन भी शामिल हैं. फॉर्म-6A का इस्तेमाल विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के लिए किया जाता है.

फॉर्म-7 से 97 हजार से अधिक आपत्तियां

मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 के तहत अब तक 97,501 आवेदन और आपत्तियां डिजिटाइज की गई हैं. इनमें 9 नवंबर को 933 आवेदन डिजिटाइज हुए. वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-8 के तहत अब तक 5,76,901 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. 9 नवंबर को इस श्रेणी में 867 आवेदनों का डिजिटाइजेशन हुआ.

30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बुलेटिन के अनुसार, झारखंड में अंतिम मतदाता सूची (Final Electoral Roll) का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा. इस सूची के जारी होने के बाद राज्य में मतदाताओं के नाम और अन्य विवरणों की अपडेट स्पष्ट हो सकेगी.