रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चल रहे SIR अभियान में दावा-आपत्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 26 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 सितंबर को एक ही दिन में वोटर लिस्ट से जुड़े अलग-अलग श्रेणियों के कुल 12,876 आवेदन प्राप्त हुए. समय सीमा करीब आने के साथ नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में बदलाव के लिए लोगों की ओर से आवेदन देने की गति बढ़ी है. प्रशासन की ओर से प्राप्त आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आंकड़ों पर नजर डालें तो 25 सितंबर तक फॉर्म-6 के तहत कुल 6,14,882 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. यह फॉर्म मुख्य रूप से मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. वहीं विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए फॉर्म-6ए के तहत कुल 102 आवेदन मिले हैं. मतदाता सूची से नाम हटाने या उससे जुड़ी आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 के तहत अब तक 11,239 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इसके अलावा मतदाता के विवरण में सुधार और एक ही परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने के लिए फॉर्म-8 के तहत 4,12,046 आवेदन आए हैं. अकेले 25 सितंबर को फॉर्म-6 के 7,134, फॉर्म-6ए के 3, फॉर्म-7 के 108 और फॉर्म-8 के 5,631 आवेदन मिले.
बता दें, अब मतदाताओं के पास दावा और आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 सितंबर तक का समय है. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा. इसके बाद जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा. ऐसे में जिन लोगों को नाम जुड़वाना है, नाम हटाने से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज करनी है या अपने मतदाता विवरण में सुधार कराना है, उनके लिए समय सीमा का ध्यान रखना जरूरी है. SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधित मतदाता सूची में इन बदलावों को शामिल किया जाएगा.
