रांची (RANCHI): जो लोग ट्रेन से सफर करते है, उनके लिए बेहद जरूरी खबर सामने आ रही है. झारखंड के रेल यात्रियों के लिए दिसंबर का महीना परेशानी भरा हो सकता है. वो इसलिए क्योंकि दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में री-मॉडलिंग का काम किया जाना है. इसी कारण नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे ने इसके लिए कई ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द करने, कुछ के मार्ग में बदलाव करने और कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का फैसला लिया है.
बता दें, इसका असर रांची, हटिया समेत झारखंड के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रांची होकर चलने वाली 14 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है. वहीं, पूरे रेल नेटवर्क में करीब 90 ट्रेनें अलग-अलग दिनों में प्रभावित होंगी. इसके अलावा 8 ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे और 5 ट्रेनें आंशिक रूप से संचालित होंगी.
हटिया से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनें रद्द
रद्द होने वाली ट्रेनों में झारखंड से देश के अलग-अलग राज्यों को जोड़ने वाली कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. इनमें हटिया-पुणे, हटिया-दुर्ग, हटिया-एलटीटी मुंबई और हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस प्रमुख हैं. इसके अलावा हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस का परिचालन भी कई दिनों तक बंद रहेगा. इन ट्रेनों के रद्द होने से महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना और बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है. खासकर नौकरी, कारोबार, इलाज और अन्य जरूरी कामों से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को अपनी योजना में बदलाव करना पड़ सकता है.
इन 14 ट्रेनों का परिचालन रहेगा रद्द
रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार, रांची और हटिया से जुड़ी निम्नलिखित ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है.
ट्रेन का नाम और नंबर रद्द रहने की तारीख
हटिया-झारसुगुड़ा (18175) 26 नवंबर से 15 दिसंबर
झारसुगुड़ा-हटिया (18176) 27 नवंबर से 16 दिसंबर
चरल्लापल्ली-दरभंगा (17007) 28 नवंबर, 5, 8 और 12 दिसंबर
दरभंगा-चरल्लापल्ली (17008) 1, 8, 11 और 15 दिसंबर
हटिया-पुणे (22846) 7 और 11 दिसंबर
पुणे-हटिया (22845) 9 और 13 दिसंबर
हटिया-दुर्ग (18641) 8 और 10 दिसंबर
दुर्ग-हटिया (18642) 9 और 11 दिसंबर
हटिया-एलटीटी मुंबई (12812) 11 और 12 दिसंबर
एलटीटी मुंबई-हटिया (12811) 13 और 14 दिसंबर
हैदराबाद-रक्सौल (17005) 10 दिसंबर
रक्सौल-हैदराबाद (17006) 13 दिसंबर
हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु (18637) 12 दिसंबर
एसएमवीटी बेंगलुरु-हटिया (18636) 15 दिसंबर
राजधानी समेत कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव संभव
झारसुगुड़ा यार्ड में होने वाले काम का असर केवल रद्द ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा. रेलवे ने 8 ट्रेनों के रूट में बदलाव करने का भी निर्णय लिया है. इनमें कुछ लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं. इससे यात्रियों को निर्धारित मार्ग के बजाय बदले हुए रास्ते से यात्रा करनी पड़ सकती है. वहीं, 5 ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक पूरी दूरी के बजाय आंशिक रूप से चलाया जाएगा. इसका असर झारखंड के अलावा बिहार और दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा. खासकर वे यात्री प्रभावित होंगे, जिनकी यात्रा झारसुगुड़ा और आसपास के रेलखंड से होकर गुजरती है.
