टीएनपी डेस्क (TNP DESK): हर बड़े खिलाड़ी की शुरुआत किसी छोटे मैदान से होती है. हाथ में बल्ला, मन में जुनून और आंखों में बड़े सपने लिए झारखंड के युवा क्रिकेटर इन दिनों एक खास मौके का इंतजार कर रहे हैं. यह मौका है 10 जून से शुरू होने वाली झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) का, जिसे राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित इस लीग से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
इसी को लेकर हमारी THE NEWSPOST की टीम रांची के हरमु ग्राउंड पहुंची जहां बचो से बात चीत की गई. उनसे बातचीत के दौरान JPL को लेकर उनका उत्साह साफ दिखाई दिया. युवा खिलाड़ियों का कहना था कि यह लीग केवल एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा देने वाला मंच साबित हो सकती है. उनका मानना है कि यहां उन्हें बेहतर प्रतिस्पर्धा का सामना करने और अपने खेल को निखारने का मौका मिलेगा.
युवा खिलाड़ियों के अनुसार, लीग में अनुभवी और स्थापित क्रिकेटरों के साथ खेलने से उन्हें खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा. बल्लेबाजों का कहना है कि वे आधुनिक क्रिकेट की तेज और आक्रामक शैली को समझना चाहते हैं, जबकि गेंदबाज नई रणनीतियों और तकनीकों को सीखने को लेकर उत्साहित हैं. उनका विश्वास है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बड़े स्तर की चुनौतियों के लिए भी तैयार करती हैं.
बातचीत के दौरान कई खिलाड़ियों ने झारखंड के उन क्रिकेटरों का भी जिक्र किया जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. खासकर रॉबिन मिंज, विराट सिंह और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को युवाओं ने अपनी प्रेरणा बताया. उनका कहना था कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि झारखंड के खिलाड़ियों में भी देश और दुनिया के बड़े मंचों तक पहुंचने की क्षमता है. ईशान किशन की निडर बल्लेबाजी और रॉबिन मिंज की सफलता युवाओं को लगातार आगे बढ़ने का हौसला देती है.
युवा क्रिकेटरों का मानना है कि झारखंड प्रीमियर लीग राज्य में क्रिकेट के विकास को नई गति देगी. इससे न केवल नई प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, बल्कि खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का भी बेहतर अवसर मिलेगा. कई खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में वे भी इस लीग का हिस्सा बनेंगे और अपने प्रदर्शन के दम पर झारखंड के साथ-साथ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का सपना साकार करेंगे.
कुल मिलाकर, झारखंड प्रीमियर लीग को लेकर युवा खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. उन्हें भरोसा है कि यह प्रतियोगिता राज्य के क्रिकेट ढांचे को और मजबूत करेगी, नई प्रतिभाओं को आगे लाएगी और भविष्य में झारखंड को कई नए क्रिकेट सितारे देगी.
रिपोर्ट-सौम्या शुक्ला
