रांची (RANCHI): झारखंड में सक्रिय अपराधी गिरोह 'डेविल्स ग्रुप' के खिलाफ अब पुलिस बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी में है. पुलिस महानिदेशक (DGP) एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ समन्वित, सख्त और परिणामकारी कार्रवाई के निर्देश दिए.
बैठक में गोड्डा, दुमका और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय डेविल्स ग्रुप की गतिविधियों की समीक्षा की गई. इसमें पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह, दुमका रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पटेल मयूर कनैयालाल, अभियान पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. वहीं, दुमका रेंज के डीआईजी और गोड्डा-दुमका के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डेविल्स ग्रुप से जुड़े सभी संदिग्ध सदस्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए. साथ ही ज्वेलरी लूट और छिनतई से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने और अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वय बढ़ाकर कार्रवाई तेज करने के भी निर्देश दिए गए.
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि गोड्डा, दुमका, जामताड़ा और देवघर जिलों की संयुक्त स्पेशल जॉइंट टीम गठित की जाएगी. पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में काम करने वाली यह टीम इन जिलों में संगठित अपराध से जुड़े मामलों की संयुक्त जांच करेगी और अपराधियों तक तेजी से पहुंचेगी. टीम की प्रगति रिपोर्ट हर सप्ताह दुमका रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को सौंपी जाएगी.
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने यह भी निर्देश दिया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ वैज्ञानिक और मजबूत साक्ष्य जुटाए जाएं, गवाहों की समय पर अदालत में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जमानतदारों का सत्यापन किया जाए और अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय बनाकर मामलों का स्पीडी ट्रायल कराया जाए, ताकि अपराधियों को जल्द सजा मिल सके. इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का दौरा करने और पीसीआर गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए.
