रांची: 30 अगस्त को प्रस्तावित NEET PG 2026 परीक्षा को लेकर झारखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, नकल या अन्य गड़बड़ी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से लगातार निगरानी की जा रही है. परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है.
इसी सिलसिले में 20 अगस्त की शाम पुलिस मुख्यालय और राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में परीक्षा के दौरान सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी. साथ ही परीक्षा केंद्रों की स्थिति, वहां तैनात किए जाने वाले पुलिस बल और किसी भी संभावित समस्या से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.
जानकारी के अनुसार, बैठक को लेकर आईजी अभियान की ओर से सभी जोन के आईजी, सभी प्रमंडलों के डीआईजी, रांची, धनबाद और जमशेदपुर के एसएसपी समेत राज्य के सभी जिलों के एसपी को पत्र भेजा गया है. अधिकारियों को बैठक में आवश्यक जानकारी के साथ शामिल होने को कहा गया है.
बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना है. पुलिस मुख्यालय की ओर से जिलों को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे.
अधिकारियों के बीच होने वाली इस समीक्षा बैठक में परीक्षा केंद्रों के आसपास निगरानी बढ़ाने, भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है. इसके अलावा स्थानीय पुलिस और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा.
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी स्तरों पर तैयारी जरूरी है. इसी उद्देश्य से जिलों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने और संभावित चुनौतियों को पहले से चिन्हित करने के निर्देश दिए जा सकते हैं.
NEET PG 2026 में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता. परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ केंद्रों पर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी. बैठक के बाद जिलावार सुरक्षा योजना को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है.
