रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन के बाहर विपक्षी विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत विपक्ष के सभी विधायकों ने पत्रकार की गिरफ्तारी, MMDR, रोजगार और अन्य मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा. विपक्ष ने सरकार पर जनता को गुमराह करने और राज्य में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया.
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में लूट का एक तंत्र बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि MMDR से स्थानीय लोगों को फायदा मिलेगा, लेकिन राज्य सरकार इसे अलग तरीके से पेश कर रही है. सरकार माहौल बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर सरकार को विशेष सत्र बुलाकर चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन अपनी राजनीति चमकाने के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया है.
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अराजकता जैसी स्थिति है. एक गंभीर मामले के आरोपी को बचाने के लिए पुलिस ने पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया. विपक्ष ने पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर भी सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई.
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में आदिवासियों के हक और अधिकारों को कुचलने की कोशिश राज्य सरकार कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाएं बंद होने के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है. चंपाई सोरेन ने सवाल उठाया कि क्या राज्य में केवल खनिज के पैसे से ही योजनाएं चलाई जाती हैं.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार MMDR के माध्यम से राज्य के विकास और स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचाना चाहती है. इससे झारखंड के लोगों को उनका हक और अधिकार मिल सकेगा तथा खनिज संपदा के पैसे की लूट पर रोक लगेगी. विपक्ष ने इन मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा और सदन के बाहर अपना विरोध दर्ज कराया.
