राँची: झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना लगभग पूरी हो चुकी है और नई कार्यकारिणी के कई महत्वपूर्ण पदों के परिणाम सामने आ गए हैं. इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता
अजीत कुमार ने जीत दर्ज की है, जबकि नवीन कुमार ने महासचिव पद पर 819 मतों के साथ शानदार विजय हासिल की है.
उपाध्यक्ष पद पर राहुल गुप्ता ने सफलता प्राप्त की है. वहीं आकाशदीप संयुक्त कोषाध्यक्ष चुने गए हैं. लाइब्रेरी सचिव के पद पर भोला नाथ ओझा ने जीत दर्ज कर नई टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है. चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
इस बार हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव काफी रोचक माना जा रहा था, क्योंकि अधिवक्ताओं ने केवल उम्मीदवारों की लोकप्रियता ही नहीं बल्कि पिछले चार वर्षों के कार्यकाल और वकीलों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को भी मतदान का आधार बनाया. कुल 16 पदोंके लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ, जिसमें 96 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई.
अध्यक्ष पद की दौड़ में अजीत कुमार के अलावा ऋतु कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन और आरएसपी सिन्हा मैदान में थे. ऋतु कुमार वर्तमान में एडहॉक कमिटी की अध्यक्ष थीं, लेकिन इस चुनाव में वह अपनी कुर्सी बरकरार नहीं रख सकीं.
उपाध्यक्ष पद के लिए संजीव ठाकुर, राहुल गुप्ता, धीरज कुमार, प्राण प्रणय, नवीन कुमार सिंह, अमरेश कुमार और जयशंकर तिवारी के बीच मुकाबला था. महासचिव पद पर नवीन कुमार ने विनोद सिंह, अमित सिन्हा और संतोष सोनी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की.
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ अब अधिवक्ताओं की उम्मीदें एसोसिएशन से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और वकीलों के हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पहल की ओर टिक गई हैं. शेष पदों के अंतिम परिणाम भी जल्द घोषित किए जाने की संभावना है.
