रांची (RANCHI): दुर्गा पूजा आने में बस कुछ दिन बाकी है. ऐसे में झारखंड में शांति और कानून व्यवस्था को सुचारु रूप से मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी को लेकर गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा मुख्यालय ने राज्य के अलग-अलग जिलों में 6,750 गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव तैयार किया है. इन जवानों को पूजा के दौरान भीड़ और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी जा सकती है. मुख्यालय ने गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग से इस संबंध में अमनुति मांगी है.
प्रस्ताव के मुताबिक गृह रक्षकों की ड्यूटी 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक 10 दिनों के लिए लगाई जाएगी. जिलावार तैनाती की बात करें तो रांची में 600, गुमला में 300, खूंटी में 150, लोहरदगा में 250, सिमडेगा में 250, हजारीबाग में 500, गिरिडीह में 400, रामगढ़ और कोडरमा में 200-200 तथा चतरा में 300 गृह रक्षकों को लगाने का प्रस्ताव है. वहीं धनबाद में 400, बोकारो में 300, पलामू में 250, गढ़वा और लातेहार में 300-300, देवघर में 100 और जमशेदपुर में 500 जवानों की तैनाती प्रस्तावित है.
इसके अलावा चाईबासा में 300, सरायकेला में 300, दुमका में 250, साहेबगंज और पाकुड़ में 200-200, जबकि गोड्डा और जामताड़ा में 100-100 गृह रक्षकों को तैनात करने की योजना है. गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय ने सभी जिलों के समादेष्टाओं को जवानों को तैयार रखने का निर्देश दिया है. विभाग से मंजूरी मिलने के बाद निर्धारित संख्या में गृह रक्षकों को संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी को उपलब्ध कराया जाएगा. दुर्गापूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में इनकी अहम भूमिका होगी.
