रांची (RANCHI): झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में कल 26 नवंबर को महत्वपूर्ण सुनवाई होगी. सुनवाई से एक दिन पहले राज्य सरकार ने शीर्ष अदालत में अपना काउंटर एफिडेविट दाखिल कर दिया है. यह मामला चर्चित प्रकाश सिंह केस से जुड़ा हुआ है, जिसमें पुलिस सुधार और डीजीपी की नियुक्ति को लेकर दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए थे.
इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस, जस्टिस जयमंगल बागची और जस्टिस वी. मोहना की खंडपीठ कर रही है. पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने झारखंड सरकार द्वारा बनाए गए डीजीपी चयन और नियुक्ति नियम, 2025 पर गंभीर सवाल उठाए थे. कोर्ट ने राज्य सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करने के लिए जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था.
दरअसल, झारखंड सरकार ने पुलिस अधिनियम, 1861 के तहत डीजीपी की नियुक्ति के लिए नए नियम बनाए हैं. इन नियमों के तहत ऐसे पुलिस अधिकारियों को भी डीजीपी पद के लिए पात्र माना गया है, जिनकी सेवानिवृत्ति में छह महीने से कम समय शेष है. इसके लिए अधिकारियों को पूर्वव्यापी सेवा का लाभ दिए जाने का प्रावधान भी किया गया है. सुप्रीम कोर्ट ने प्रथम दृष्टया इन नियमों को प्रकाश सिंह मामले में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं माना था. राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा अदालत में पक्ष रख रही हैं.
मामले की कानूनी जटिलता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजू रामचंद्रन को न्यायमित्र (एमिकस क्यूरी) नियुक्त कर नियमों की वैधता पर अदालत की सहायता करने को कहा है. उन्हें अन्य राज्यों में डीजीपी नियुक्ति के लिए लागू कानूनों और नियमों की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है.
इस प्रक्रिया में न्यायमित्र की सहायता के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भी निर्देशित किया गया है. आयोग की ओर से मामले में लिखित दलीलें पहले ही दाखिल की जा चुकी हैं. अब झारखंड सरकार का जवाबी हलफनामा दाखिल होने के बाद 26 नवंबर को होने वाली सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अदालत के रुख से राज्य में डीजीपी नियुक्ति के नियमों और प्रक्रिया को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
