रांची (RANCHI): झारखंड सरकार की मंत्रिपरिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 25 सितंबर को दिन के 3:00 बजे से धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन में आयोजित की जाएगी. लगभग एक महीने के अंतराल के बाद बुलाई जा रही इस कैबिनेट की बैठक को कई नीतिगत और जनहित के फैसलों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
इस बैठक में विभिन्न विभागों के कई प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है. इसके अलावा, राज्य के विकास कार्यों, इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, खान-खनन और कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं के संचालन को लेकर भी फैसले लिए जा सकते हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इन निर्णयों से आम जनता को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
