☰
Jharkhand

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 25-26 नवंबर को, SIR और MMDR संशोधन कानून पर होगी चर्चा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा में 25 और 26 नवंबर को दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा. इस सत्र में दो बड़े मुद्दे केंद्र में रहेंगे. पहला मतदाता सूची का SIR और दूसरा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR Amendment Act). माना जा रहा है कि इन दोनों मुद्दों पर राज्य सरकार सदन में अपना पक्ष रखेगी और केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की दिशा में भी पहल कर सकती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में विशेष सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी. दोनों दिन सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी. यह षष्ठम झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का विस्तारित हिस्सा होगा.

पहले दिन SIR, दूसरे दिन खनिज कानून पर चर्चा

संभावना है कि 25 नवंबर को सदन में SIR का मुद्दा उठेगा, जबकि 26 नवंबर को MMDR संशोधन अधिनियम पर चर्चा होगी. हालांकि, अंतिम कार्यक्रम आधिकारिक कार्यसूची से स्पष्ट होगा. SIR को लेकर सरकार मतदाता सूची के सत्यापन, दस्तावेजों की प्रक्रिया और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंकाओं पर अपनी बात रख सकती है.

MMDR कानून से खनिज राजस्व पर चिंता

झारखंड कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट और तांबा जैसे खनिजों से समृद्ध राज्य है. यहां खनन से मिलने वाला राजस्व विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है. MMDR संशोधन के तहत खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर राज्यों द्वारा कर, सेस और अन्य शुल्क लगाने की शक्तियों पर शर्तें निर्धारित की गई हैं. राज्य सरकार की चिंता है कि इससे झारखंड के वित्तीय अधिकार और खनिज राजस्व प्रभावित हो सकते हैं. वहीं, केंद्र सरकार का तर्क है कि संशोधन से खनन क्षेत्र में एक समान कर व्यवस्था बनेगी और निवेश को बढ़ावा मिलेगा.

SIR पर भी सरकार रख सकती है अपना पक्ष

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के नाम, पते और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है. विपक्षी दल दस्तावेजों की अनिवार्यता और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका को लेकर सवाल उठा रहे हैं. ऐसे में विधानसभा में मताधिकार की सुरक्षा और पारदर्शी प्रक्रिया का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहेगा.