☰
Jharkhand

झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकालीन स्थगित, CM हेमंत बोले- SIR से नहीं, प्रक्रिया से है परेशानी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दिया गया है. सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में MMDR और SIR के मुद्दे पर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि उन्हें SIR से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इसकी प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया था. उम्मीद थी कि विपक्ष सदन में मौजूद रहकर सरकार का जवाब सुनेगा, लेकिन विपक्षी विधायक जवाब सुनने से पहले ही सदन से बाहर चले गए. उन्होंने कहा कि SIR को लेकर सदन में संकल्प प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि झारखंड में गड़बड़ियों का खुलासा होने के बाद प्रक्रिया के लिए समय बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि अब तक 63 लाख से अधिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं.

SIR पर अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस प्रक्रिया से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन जिस तरीके से इसे लागू किया जा रहा है, उस पर सवाल हैं. कई मामलों में दस्तावेजों की मांग की जा रही है और छोटी-सी चूक के कारण मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है. एक ठेला चलाने वाले व्यक्ति से लेकर देश के सबसे अमीर व्यक्ति तक, सभी के वोट का अधिकार समान है. ऐसे में किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.

वहीं, MMDR के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के फैसले से झारखंड को नुकसान होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र राज्य पर कोई एहसान नहीं कर रहा है, बल्कि यहां से निकाले जाने वाले खनिज और जमीन के बदले शुल्क का भुगतान किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड किसी भी कीमत पर अपना हक नहीं छीनने देगा. MMDR मामले में सरकार कानूनी सलाह ले रही है और इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा.

रिपोर्ट: समीर हुसैन