रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ रही है. ऐसे में मतदाताओं के पास अपनी प्रविष्टियों को जांचने और जरूरत पड़ने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने के लिए अब सिर्फ कुछ दिन का समय बचा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी 28 सितंबर के SIR बुलेटिन के मुताबिक, 27 सितंबर तक अलग-अलग फॉर्म के जरिए बड़ी संख्या में आवेदन और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित है. वहीं, प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची (Final Roll) प्रकाशित की जाएगी.
बुलेटिन के अनुसार, अब तक फॉर्म-6 के जरिए 6,22,522 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 27 सितंबर को ही 9,603 आवेदन आए. वहीं, फॉर्म-6A के जरिए 102 आवेदन मिले हैं, जिनमें 2 आवेदन 27 सितंबर को प्राप्त हुए. इसके अलावा फॉर्म-7 के जरिए 11,487 आवेदन और आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जिसमें एक दिन में 157 आवेदन आए. सबसे ज्यादा आवेदन फॉर्म-8 के जरिए 4,18,536 प्राप्त हुए हैं और 27 सितंबर को 8,936 आवेदन दर्ज किए गए. ये आंकड़े बताते हैं कि SIR के दौरान मतदाता सूची में नाम और विवरण को लेकर बड़ी संख्या में लोग प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं.
मतदाताओं के लिए अब 30 सितंबर तक का समय अहम है. जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती होने पर फॉर्म-8 के जरिए सुधार कराया जा सकता है. किसी नाम को लेकर दावा या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है. दावा-आपत्तियों के निपटारे के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी.
