☰
Jharkhand

जयराम के नेता बुरे फंसे! बाजार में नकली नोट खपाने निकले, लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा 

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र में नकली नोट लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति तमाड़ थाना क्षेत्र के सिंदवारी बाजार में पैसा लेकर पहुंचा था. कई समान खरीदने के बाद वह उसी जाली नोट से भुगतान कर रहा था. तभी एक दुकानदार को शक हुआ जिसके बाद उसे पकड़ लिया और तमाड़ पुलिस को सूचना दी. सूचना के बाद उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया. मामले की जांच खुद बुंडू   डीएसपी कर रहे है.

दरअसल मामला गुरुवार देर शाम का है. जब ईचागढ़ के रहने वाले नागेनश्वर महतो सिंदवारी बाजार पहुंचे. जहां वह कई समान की खरीददारी कर भुगतान कर रहे थे. तभी एक दुकानदार को शक हुआ. नोट देखने में असली लग रहा था. लेकिन जब दूसरे नोट से मिलान किया गया तो उन्हें लगा कि यह कॉपी नोट है. तुरंत इसकी सूचना तमाड़ पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के नोट की जांच की. शुरुआती जांच में नोट संदिग्ध लगा. जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.                 

सूत्रों की माने तो व्यक्ति के पास 500 के करीब 40 पीस नोट थे. सभी नोट नकली जैसा लग रहा था. वह शाम होने पर अंधेरे में बाजार में खपाने पहुंचा था. लेकिन एक दुकानदार को शक हुआ और उसका भंडा फूट गया. जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है. नागेश्वर खुद को जयराम महतो की पार्टी का नेता बता रहा था. और बचने की कोशिश कर रहा था.

लेकिन नोट जाली होने पर पुलिस  उसे हिरासत में लेकर थाना ले आई और आगे की जांच में जुटी है. जिससे पूरे मामले की जांच की जा सके. साथ ही नोट उसके पास कहा से आया इसकी जांच की जा सके. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजेगी.              

इस पूरे मामले में डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि गुरुवार शाम सिंदवारी बाजार में एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ा था. सूचना मिली थी कि वह नकली नोट का इस्तेमाल कर रहा है. इसके बाद तमाड़ पुलिस युवक को थाने लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. डीएसपी के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध नोट कहां से आए.  फिलहाल मामले की जांच जारी है. नोटों की वास्तविकता और उनकी कुल राशि की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.