Jharkhand

जमशेदपुर: बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, 65 हजार नकद समेत 8 लाख के जेवर ले उड़े चोर

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर से चोरी का मामला सामने आया है जहां परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा स्थित अंबेडकर नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य करीब तीन घंटे के लिए किसी काम से बाजार गए थे. इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. परिवार जब वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था. घर की तलाशी लेने पर करीब 65 हजार रुपये नकद और 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले. चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

घटना की सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घर के आसपास की स्थिति की जानकारी लेने के साथ चोरी से जुड़े संभावित साक्ष्यों को जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है. जांच टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए. परिवार के सदस्यों से भी घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों को लेकर जानकारी ली जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

ताजा चोरी की घटना के बाद अंबेडकर नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि परसुडीह क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार परेशानी का कारण बन रही हैं. लोगों के मुताबिक इससे पहले भी इलाके में 20 से 30 लाख रुपये तक की बड़ी चोरी की घटना सामने आ चुकी है. ऐसे में स्थानीय लोग रात के समय गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी मजबूत करने की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. घटना के बाद पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा