जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): शहर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की सोना और नकदी लूट की घटना को लेकर पुलिस सख्त नजर आ रही है. इस घटना की जांच अब चतरा तक पहुंचती दिख रही है. सूत्रों के अनुसार, चतरा पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों में से दो के जमशेदपुर बैंक लूटकांड के मुख्य आरोपी से लगातार संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद पुलिस मामले में आरोपियों के नेटवर्क और आपसी कनेक्शन की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, चतरा पुलिस ने हिरासत में लिए गए चारों संदिग्धों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है. इसके बाद सभी संदिग्धों को जमशेदपुर पुलिस को सौंपे जाने की जानकारी है, ताकि बैंक लूटकांड की जांच में सामने आए सुरागों को जोड़ा जा सके. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लूट की वारदात की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और आरोपियों के बीच किस तरह संपर्क हुआ था. साथ ही लूट के बाद आरोपियों के संभावित ठिकानों और आवाजाही की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
हालांकि, चतरा से चार संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने या उन्हें जमशेदपुर पुलिस को सौंपे जाने की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है. चतरा पुलिस के वरीय अधिकारियों की ओर से भी ऐसी किसी कार्रवाई की जानकारी होने से इनकार किया गया है. ऐसे में फिलहाल यह कार्रवाई पुलिस सूत्रों के दावों पर आधारित है और इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. जांच आगे बढ़ने के साथ ही यह स्पष्ट होगा कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों का जमशेदपुर बैंक लूटकांड से क्या संबंध है और इस मामले में उनकी वास्तविक भूमिका क्या रही है. पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
