☰
Jharkhand

झारखंड स्थापना दिवस पर IPS नरेंद्र कुमार सिंह और रांची SSP राकेश रंजन समेत कई पुलिसकर्मियों को मिलेगा वीरता पदक

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड स्थापना दिवस समारोह 2026 और राज्य की वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा. 28 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को वीरता पदक एवं सराहनीय सेवा पदक से अलंकृत किया जाएगा. सम्मानित होने वालों में आठ आईपीएस अधिकारियों समेत कई पुलिसकर्मी शामिल हैं.

वीरता पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में आईपीएस नरेंद्र कुमार सिंह और रांची के एसएसपी राकेश रंजन का नाम प्रमुख रूप से शामिल है. इनके अलावा डीएसपी प्रकाश सोय और डीएसपी नीरज कुमार को भी वीरता पदक प्रदान किया जाएगा. पुलिस विभाग के अन्य कर्मियों को भी उनके साहस और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा.

वीरता पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार, दिव्य प्रकाश, सनोज कुमार चौधरी, आरक्षी प्रकाश कुमार यादव, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता शामिल हैं. इन सभी को उनके सराहनीय योगदान और कार्यों के लिए पदक से सम्मानित किया जाएगा.

वहीं, सराहनीय सेवा पदक पाने वालों की सूची में आईपीएस असीम विक्रांत मिंज, अनीश गुप्ता, राजकुमार मेहता, दीपक कुमार शर्मा, दीपक कुमार पांडेय और मुकेश कुमार का नाम शामिल है. इनके अलावा प्रधान सहायक उपनिरीक्षक (आशुलिपिक) मोहम्मद अरशद खां को भी सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा.

झारखंड स्थापना दिवस समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों को मिलने वाला यह सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के प्रति राज्य सरकार की सराहना के रूप में देखा जा रहा है. समारोह के दौरान पदक प्रदान कर पुलिसकर्मियों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा.