Jharkhand

मानसून आते ही बदला फ्लाइट शेड्यूल, इंडिगो एयरलाइंस ने जारी की नई उड़ान सूची

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
मानसून आते ही बदला फ्लाइट शेड्यूल, इंडिगो एयरलाइंस ने जारी की नई उड़ान सूची

रांची(RANCHI): मानसून सीजन के आने से कई विमानन कंपनियां ने अपने कई उड़ानों के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है जिसके तहत इंडिगो एयरलाइंस ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली अपनी कई प्रमुख उड़ानों के शेड्यूल में भी बड़ा बदलाव किया है. बता दें, बदलते मौसम और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उड़ानों के दिनों को नए सिरे से निर्धारित किया गया है. नए बदलावों के तहत रांची-अहमदाबाद विमान सेवा अब सप्ताह में पांच दिन यानी रविवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ान भरेगी. वहीं, रांची-पटना रूट पर चलने वाली फ्लाइट अब सप्ताह में केवल दो दिन यानी मंगलवार और गुरुवार को छोड़कर बाकी के सभी दिनों में यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी.

इसके अतिरिक्त कोलकाता और चेन्नई रूट के यात्रियों के लिए भी नए दिन तय किए गए हैं. रांची से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-7251 अब सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित नहीं की जाएगी. दूसरी ओर, रांची-चेन्नई विमान सेवा अब सप्ताह में केवल चार दिन उपलब्ध होगी, जिसके लिए रविवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार का दिन निर्धारित किया गया है. चूंकि मानसून के दौरान तेज बारिश और लो विजिबिलिटी के कारण उड़ानों के समय में अचानक बदलाव या देरी की पूरी संभावना रहती है, इसलिए एयरलाइंस ने यात्रियों को सतर्क रहने को कहा है.

अंतिम समय की परेशानियों और किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन नंबर के जरिए अपनी फ्लाइट का ताजा अपडेट और लाइव स्टेटस जरूर जांच लें. इसके साथ ही, मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए यात्रियों से बोर्डिंग के तय समय से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंचने और अपने सभी जरूरी यात्रा दस्तावेज साथ रखने की अपील की गई है.