रांची(RANCHI): 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को नमन किया. इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.युवा, महिलाएं, किसान, मजदूर, उद्यमी और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा.
स्वतंत्रता हमारे लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वतंत्रता हमारे लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संप्रभुता को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का मजबूत और समृद्ध भारत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया. प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना सर्वोपरि है. कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम करना चाहिए.
कार्यक्रम में बालमुकुंद सहाय, गणेश मिश्रा, सरोज सिंह, अमित सिंह, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, सूर्यमणि सिंह, निर्भय सिंह, समर सिंह, रमाकांत महतो, अशोक बड़ाईक, तारिक इमरान, रोशनी खलखो, सीमा शर्मा, काजल प्रधान, नीरज पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
