रांची (RANCHI): राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला अरगोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां ब्लिंकिट के असिस्टेंट स्टोर मैनेजर और उनके दो सहकर्मियों पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने पहले मैनेजर को घेरकर बेरहमी से पीटा और फिर उनके सिर पर लोहे की भारी चेन से वार कर दिया. हमले में राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना आनंदपुरी चौक, हरमू के पास हुई.
मिली जानकारी के अनुसार, ब्लिंकिट में असिस्टेंट स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत राहुल कुमार रात में अपना काम खत्म कर ऑफिस से बाहर निकले थे. इसी दौरान आनंदपुरी चौक के समीप पहले से मौजूद रौशन कुमार, रवि रंजन कुमार, मो. वारिस, अरुण कुमार समेत दो-तीन अन्य लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. इसके बाद सभी ने मिलकर राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी.
मुख्य आरोपी ने साथियों को दिया जान से मारने का आदेश
राहुल कुमार की ओर से अरगोड़ा थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, हमले के दौरान मुख्य आरोपी रौशन कुमार ने अपने साथियों को उकसाते हुए कहा कि आज इसे जिंदा नहीं छोड़ना है और भागने का मौका भी नहीं देना है. इसके बाद मो. वारिस ने अपने हाथ में मौजूद लोहे की भारी चेन से राहुल के सिर पर जोरदार प्रहार किया. चोट लगने से राहुल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े. इसके बावजूद हमलावर नहीं रुके. आरोप है कि रवि रंजन कुमार और अरुण कुमार ने उनके सिर और सीने पर लगातार लातों से हमला किया.
बचाने आए सहकर्मियों को भी नहीं बख्शा
राहुल की चीख-पुकार सुनकर उनके सहकर्मी शुभम और अमन उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे. लेकिन आरोपियों ने उन दोनों को भी निशाना बना लिया. जान बचाने के लिए तीनों किसी तरह अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागे. इसी दौरान आरोप है कि अरुण राम ने भाग रहे राहुल को स्कूटी से कुचलने की कोशिश भी की, लेकिन वह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका.
घटना के बाद राहुल अपने साथियों के साथ सीधे अरगोड़ा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. राहुल के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों समेत अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है.
