Jharkhand

पलामू में पत्नी और ससुर ने स्क्वाड्रन लीडर दामाद से किया ऐसा खेल, पैसों के चक्कर में ऐसा फंसाया और ऐंठ लिए 23 लाख रुपये

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी ने अपनी पत्नी और ससुर पर धोखाधड़ी तथा विश्वासघात का गंभीर आरोप लगाते हुए रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. अधिकारी का दावा है कि उनकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई जमीन को कथित रूप से छलपूर्वक उनके नाम से अलग रखकर पत्नी के नाम दर्ज करा लिया गया.

एफआईआर दर्ज कराने वाले स्क्वाड्रन लीडर अभिनव सिंह मूल रूप से पलामू के रहने वाले हैं और वर्तमान में गुजरात स्थित नलिया एयरफोर्स स्टेशन में तैनात हैं. उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि विवाह के बाद उनकी पत्नी अमितु सिंह ने रांची में जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी. इस पर उन्होंने जून 2023 से जून 2024 के बीच अपने बैंक खातों से 20 लाख रुपये से अधिक की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की, जबकि करीब 3.5 लाख रुपये नकद भी दिए.

अभिनव सिंह के अनुसार, इस रकम से रातू मौजा के खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या 338 एवं 339 में कुल छह डिसमिल जमीन खरीदी गई. हालांकि, जमीन की रजिस्ट्री के दौरान उनकी पत्नी ने कथित रूप से अपनी वैवाहिक पहचान छिपाते हुए स्वयं को अपने पिता जय प्रकाश सिंह की पुत्री के रूप में दर्ज कराया और संपत्ति अपने नाम करा ली.

वायुसेना अधिकारी का आरोप है कि जमीन की खरीद में पूरा आर्थिक योगदान उनका था, लेकिन दस्तावेजों में न तो उनके नाम का उल्लेख किया गया और न ही पति के रूप में उनकी पहचान दर्ज की गई. उनका कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की गई, जिससे उन्हें संपत्ति के अधिकार से वंचित किया जा सके.

शिकायत में उन्होंने पत्नी अमितु सिंह और ससुर जय प्रकाश सिंह पर साजिश रचकर धोखाधड़ी करने, विश्वास तोड़ने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है.